वर्ल्ड कप 2019 का 14वां मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के केनिंगटन ओवल मैदान पर खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 5 विकेट खोकर 352 रन बनाए।
भारतीय टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए शिखर धवन ने 117 रन, विराट कोहली ने 82 रन, रोहित शर्मा ने 57 रन, हार्दिक पांड्या ने 48 रन, महेंद्र सिंह धोनी ने 24 रन, केएल राहुल ने नाबाद 11 रन बनाए, जबकि केदार जाधव बिना गेंद खेले नाबाद रहे।
रोहित शर्मा ने जैसे ही 13वें ओवर की पहली गेंद पर मैक्सवेल के खिलाफ चौका लगाया उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही वे किसी भी विशेष टीम के खिलाफ सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
रोहित शर्मा ने मात्र 37 पारियों में यह कारनामा किया, जबकि इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने 40 पारियों में 2000 रन पूरे किए थे। इस सूची में विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं, उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 44 पारियों में 2000 रन पूरे किए थे, जबकि सर विवियन रिचर्ड्स ने भी 44 पारियों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2000 रन पूरे किए थे। इस सूची में चौथे स्थान पर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम है। उन्होंने 45 पारियों में श्रीलंका के खिलाफ 2000 रन पूरा किया था।
रोहित शर्मा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ औसत 61.72 का है जो विश्व में सबसे अधिक है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 37 मैचों में 2037 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 8 अर्धशतक शामिल है। वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोहरा शतक (209) भी जड़ चुके हैं, यह उनके करियर का पहला दोहरा शतक था।
क्रिकेट की दुनिया की ताजातरीन खबरों, Dream 11 Prediction, मैच रिजल्ट्स की प्रमुख खबरों के लिए हमारे साथ लगातार बनें रहें। साथ ही हमें फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर फॉलो जरूर करें।
Discussion about this post